पुंछ। दो दिन से जिले के निचले क्षेत्रों में जारी बारिश और पीर पंजाल के पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी के चलते बंद मुगलरोड को खोलने के लिए सोमवार दोपहर बाद प्रयास शुरू किए गए। इसमें पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई और मुगलरोड अथॉरिटी की तरफ से स्नोप्लो मशीनों और कर्मचारियों की सहायता से सुरनकोट तहसील की तरफ से पोशाना से बर्फ हटाने का अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान देर शाम तक जिले की तरफ से बर्फ हटाने का काम पूरा करते हुए मशीनें पीर की गली तक पहुंच चुकी थीं। जहां जिले की तरफ से पीर की गली तक बर्फ हटाते हुए मशीनें एक वाहन चलने योग्य सड़क साफ करते हुए आगे बढ़ रही थीं। देर शाम को पीर की गली से लौटते हुए मशीनों ने सड़क को पूरी तरफ साफ करते हुए दो वाहनों के चलने योग बनाते हुए पोशाना तक लौटी। देर शाम तक मुगलरोड की स्थिति को लेकर पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई के कार्यकारी असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियरिंग मोहमद तारीक खान ने बताया कि हमने पुंछ की तरफ से बर्फ हटाने का काम करीब पूरा कर लिया है। जैसे ही दोपहर बाद मौसम साफ हुआ तो हमारी मशीनें और कर्मचारी मुगलरोड पर बर्फ हटाने के काम पर लग गईं। देर शाम तक बर्फ हटाने का काम पूरा कर लिया गया है।
मोहम्मद तारिक का कहना है कि दो दिन में दो बार मुगलरोड पर बर्फबारी हुई है। इसमें पहले दिन करीब एक फुट बर्फ रिकार्ड की गई थी। जबकि दूूसरे दिन डेढ़ फुट बर्फ रिकार्ड की गई। गनीमत यह रही कि पुंछ की तरफ से मुगलरोड पर किसी प्रकार का कोई बड़ा भूस्खलन नहीं हुआ है, जिसके कारण हमने चंद ही घंटों में सड़क से बर्फ हटाने का अभियान पूरा कर लिया है। यह पूछे जाने पर कि मुगलरोड पर यातायात कब तक बहाल किया जाएगा तो मोहम्मद तारिक खान ने कहा कि का यातायात बहाल करने का फैसला मुगल रोड अथॉरिटी और यातायात पुलिस की तरफ से लिया जाएगा। संभावना है कि मंगलवार दोपहर बाद तक तक लोग रोड पर एक बार फिर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाएगी। वह भी अगर कश्मीर की तरफ से भी मुगल रोड से बर्फ हटाने का काम पूरा किया गया हो तो।
गौरतलब है कि दो दिन से बर्फबारी के चलते मुगलरोड को यातायात के लिए बंद किए जाने से जहां कश्मीर के अस्पतालों में उपचार के लिए जाने वाले रोगियों, उनके परिजनों और फल एवं सब्जी विक्रेताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
मेंढर में दिन भर चलती रही ठंडी हवाएं
मेंढर। उपजिले और इसके आसपास के इलाकों में रविवार की रात हुई बारिश के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इसके चलते पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण तेज और ठंडी हवाएं चल रही हैं। जो सोमवार को पूरे दिन चलती रही। इससे लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मेंढर वासी विजय कुमार, राजेश कुमार शर्मा, अशोक कुमार, संजय कुमार, प्रबल कुमार, रमणीक सिंह और नरेश कुमार चंदन का कहना था कि इस बार सर्दी का आगमन पहले के मुकाबले में जल्दी हुआ है। इस बार लग रहा है कि मेंढर में भी बर्फबारी होगी। संवाद