पुंछ जिले के माडल हायर स्कैंड्री स्कूल सावजियां में बर्फ के बीच परीक्षा देने पहुंचे बच्चे और स्ट?
- फोटो : POONCH
पुंछ। मंडी तहसील में नियंत्रण रेखा पर स्थित माडल हायर सेकेंडरी स्कूल सावजियां में 11 वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए जहां गांव के विद्यार्थी बर्फबारी के बीच स्कूल में पहुंचे वहीं स्कूल में तैनात स्टाफ और प्रधानाचार्य अनवर खान कई कठिनाइयों का सामना करते हुए कई किलोमीटर पैदल चल कर आधे रास्ते तक पहुंचे। वहां से जेसीबी में सवार होकर स्कूल पहुंचे।
उन्होंने बच्चों की परीक्षा ली। इस दौरान परीक्षा के पूर्व स्टाफ की तरफ से बच्चों को परीक्षा केंद्र में हाथ और शरीर तापने के लिए आग की व्यवस्था करके दी गई। प्रधानाचार्य और स्टाफ की इस प्रकार बर्फ के बावजूद स्कूल पहुंच कर बच्चों की परीक्षा आयोजित किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने काफी प्रशंसा की है। प्रधानाचार्य ने कहा कि मंडी तहसील के सभी शिक्षा संस्थान कश्मीर घाटी की तरह विंटर जोन में आते हैं। जहां इन दिनों 11वीं कक्षा की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में तीन दिन से हो रही बर्फबारी को देखते हुए जहां कश्मीर प्रांत में सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई थी, लेकिन जम्मू प्रांत के विंटर जोन में परीक्षाएं रद्द करने का कोई आदेश शिक्षा विभाग की तरफ से जारी नहीं किया गया था। ऐसे में बच्चों के भविष्य और एक साल को बचाने के लिए हमारा सारा स्टाफ बर्फबारी के बीच पैदल गांव खेत तक पहुंचा।