पुंछ। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में एहसास फाउंडेशन की ओर जारी पुंछ प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत शनिवार को दो मुकाबले हुए। इनमें रॉयल्स और पैंथर्स की टीम ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया है। इस दौरान मैच परवेज अहमद मलिक अफारदी और जिला उपयोजना अधिकारी रवि कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।
पुंछ रॉयल्स की टीम ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए और जीत के लिए 165 रन का लक्ष्य दिया। इसमें दानिश ने सर्वाधिक 44 और सिकंदर ने 34 रन का योगदान दिया। पुंछ वारियरस की तरफ से इफ्तिखार और अफराज ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य हासिल करने उतरी पुंछ वारियर्स की टीम 17.4 ओवर में 121 रन पर ढेर हो गई और मैच 44 रन से गंवा दिया। इसमें अरफाज ने सर्वाधिक 36 और साकिब ने 22 रन का योगदान दिया। पुंछ रॉयल्स की तरफ सिकंदर और राजा ने 3-3 विकेट झटके।
दूसरे मैच में पुंछ पैंथर्स ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 174 रन बनाए और 175 रन का लक्ष्य दिया। विकास और जमील ने सर्वाधिक 33-33 रनों का योगदान दिया। पुंछ सुपरकिंग्स की तरफ से रफीक और शब्बीर ने 2-2 विकेट हासिल किए। उधर, सुपर किंग्स की टीम 113 पर ही ढेर हो गई। इसके साथ ही 62 रन से हार का सामना करना पड़ा है। टीम के लिए सलीम ने सर्वाधिक 28 और शब्बीर ने 18 रन बनाए। पैंथर्स के गेंदबाज वाहिद ने 4 और प्रिंस ने 2 विकेट हासिल किए।