पुंछ। सोमवार देर रात से लेकर सुबह तड़के तक जिले के अन्य क्षेत्रों की तरह नगर में हुई बारिश ने जहां गर्मी से बेहाल लोगों को राहत दिलाई। वहीं बारिश से वार्ड-एक मोहल्ला काजी मोड़ा में बहने वाले गंदे नाले में उफान आने से नाले का पानी एवं कचरा कई घरों के साथ ही मोहल्ले में मौजूद कृषि विज्ञान केंद्र में जा घुसा। इससे कृषि विज्ञान केंद्र में रखे सामान के साथ ही वहां पर परीक्षण के तौर पर उगाई गई फसल एवं पौधों को भी भारी नुकसान पहुंचा। जिसे लेकर क्षेत्र के लोगों में नगरपालिका के प्रति रोष है। लोगों का आरोप है कि मोहल्ले से गुजरने वाले गंदे नाले की सफाई की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। वहीं नाले पर बनी पुलिस के नीचे से पानी की मुख्य पाईपें जाती हैं, जिनके कारण नाले की गंदगी पुलिया के नीचे जमा होने से जब भी बारिश होती है। तो नाले का सारा गंदा पानी और कचरा बह कर मोहल्ले की गलियों से होते हुए हमारे घरों में घुस आता है, जिससे हमें काफी नुकसान उठाना पड़ता है।