पुंछ। नगर के मोहल्ला शीश महल वार्ड 15 में वीरवार को शार्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। इससे घर में रखा लाखों रुपये का सामान जल कर राख हो गया। लोगों एवं फायर ब्रिगेड की की तत्काल कार्रवाई ने आसपास के घरों को आग से बचा लिया।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मोहल्ला शीश महल में मां अन्नपूर्णा मंदिर के पीछे रहने वाले उमा शंकर के मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में शार्ट सर्किट से आग लग गई। घटना के समय परिवार के सदस्य नीचे की मंजिल में नाश्ता कर रहे थे। उन्हें ऊपर आग लगने का पता नहीं चल पाया। मोहल्ले के कुछ लोगों ने आग की लपटें देख कर उन्हें सूचना दी। आग से दो कमरों में रखा लाखों का सामान जल कर राख हो गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारी मोहम्मद असलम का कहना है कि प्राथमिक जांच मे आग शार्ट सर्किट से लगी है।