पुंछ। जिला विकास उपायुक्त पुंछ यासीन मोहम्मद चौधरी ने रविवार देर शाम को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्प्ताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सोमवार से अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग और रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित किए जाने वाले पहले मैग सर्जरी शिविर को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान अस्पताल में सर्जरी के लिए भर्ती किए गए विभिन्न रोगियों से भी मुलाकात की।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जुल्फकार अली एवं अन्य चिकित्सकों ने जिला विकास उपायुक्त को सर्जरी के उपरांत मरीजों को रखने एवं उन्हें दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि इस पहले मेगा सर्जरी शिविर के लिए अस्पताल में चार आपरेशन थियेटर स्थापित किए गए हैं। जिला विकास उपायुक्त ने बताया कि पुंछ के लिए एक सुनहरा अवसर है जिसमें कल दोपहर से यहां पर एक मेगा सर्जरी शिविर का आयोजन किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस शिविर में बड़े ऑपरेशन किए जाएंगे, जिनके लिए पुंछ के लोगों को जम्मू अथवा राज्य से बाहर जाना पड़ता है।