पुंछ। जिले के सुरनकोट तहसील मुख्यालय पर स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर वीरवार को ठेकेदारों ने प्रदर्शन किया। ठेकेदार बिलों का भुगतान न होने से खफा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां हर वर्ष 31 मार्च तक सभी बिलों का भुगतान हो जाता था वहीं इस बार एक बिल का भी भुगतान नहीं किया गया है। इसके कारण हमें रमज़ान में इबादत के स्थान पर यहां प्रर्दशन करना पड़ रहा है। हमें पैसे न होने के कारण मज़दूरों से छुप कर घरों में बैठना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी ठेकेदारों ने धमकी दी कि अगर दो दिन में उनके बिलों का भुगतान न हुआ तो वह सड़कों पर उतरेंगे।
सुरनकोट तहसील मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर दर्जनों की संख्या में ठेकेदार तारिक अहमद, एजाज काजमी, नजीर अहमद आदि की अगुवाई में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो विकास के बड़े बड़े दावे किए जा रहे हैं वह सब हम पर ही हैं। हम लोगों ने सरकार से बिना पैसे लिए विकास कार्य करवाएं हैं ताकि हमें काम पूरा होने पर पैसे मिल जाएंगे लेकिन अफसोस है कि हमें काम पूरा किए जाने के बाद भी पैसों का भुगतान नहीं किया गया है। आज मजूदर हमसे पैसे मांगने आ रहे हैं। जिन दुकानदारों से सीमेंट, सरिया एवं अन्य सामान लेकर काम करवाए , वह पैसों के लिए हमारे घरों के चक्कर काट रहे हैं। फाइनांस विभाग एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। हम दो दिन का समय देते हैं अगर दो दिन में हमारे बिलों का भुगतान न हुआ तो हम सड़कों पर उतरेंगे।