पुंछ। डीसी इंद्रजीत ने वीरवार को अपने कार्यालय के सभागार में स्वास्थ्य विभाग, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जम्मू-कश्मीर में ओमिक्रॉन के मामले आने पर जिले में इसकी रोकथाम की तैयारियों का जायजा लिया।
डीसी ने संबधित अधिकारियों को किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। कहा कि पिछले कुछ समय से जिले में लोगों ने कोरोना से बचाव के उपायों को अपनाने में लापरवाही बरती जा रही है। लोग मास्क नहीं पहन रहे, सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ जुट रही है। उन्होंने अधिकारियों को कोविड नियमों पर सख्ती करने के निर्देश दिए। बिना मास्क घर से निकलने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा। डीसी ने कहा कि जिले में ऑक्सीजन की कमी नहीं है। जिला अस्पताल सहित सभी उपजिला अस्पतालों मंडी, सुरनकोट और मेंढर में ऑक्सीजन प्लांट चालू कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल में सभी सुविधाओं से लैस कोविड वार्ड कार्यरत हैं। बैठक में बच्चों के लिए अलग से कोविड वार्ड स्थापित करने सहित अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।