बुधवार दोपहर को नगर में पेश आए एक सड़क हादसे में डाक विभाग में बतौर डाकिया काम कर रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान 50 वर्षीय मोहम्मद अब्बास निवासी गांव खनेतर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को नगर में जम्मू पुंछ मार्ग पर अपनी ड्यूटि के दौरान पत्र बांटने के काम में लगे डाकिया मोहम्मद अब्बास को पीछे से एक अज्ञात दोपहिया वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार कर फरार हो गया।
इस बीच बुरी तरह घायल अवस्था में सड़क पर पड़े देख वहां से गुजर रहे कुछ वाहन चालकों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी, साथ ही उसे उठा कर राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां पर उसके सर और चेहरे पर गंभीर चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे सड़क मार्ग से जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।