पुंछ। राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. मुश्ताक हुसैन ने सुरक्षागार्ड को नौकरी से हटाने का आदेश जारी करते हुए उसे परिसर से बाहर कर दिया। गार्ड के खिलाफ यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर अस्पताल के आईपीडी वार्ड के मुख्य गेट पर बिना मास्क और पीपीई किट के बगैर कोरोना सैंपल लेने का फोटो वायरल होने के बाद की गई है। इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर गार्ड के हक में आवाज उठने के साथ अस्पताल प्रशासन का विरोध भी शुरू हो गया है। गार्ड के हक में यह बात कही जा रही है कि निजी कंपनी के गार्ड को बर्खास्त करने का अस्पताल प्रबंधन को अधिकार नहीं है। अधिकांश लोगों ने यह भी कहा है कि गार्ड को अस्पताल प्रबंधन की तरफ से पीपीई किट और मास्क-दस्ताने उपलब्ध करवाने चाहिए थे।
इसके अलावा सुरक्षाकर्मियों से अस्पताल में कई कार्य करवाए जाते हैं जो गलत हैं। लोगों ने सोशल मीडिया में लिखा है कि गार्डों को कोराना जांच के लिए आने वालों की लिस्टें बनवाने आदि के काम में भी लगाया जा रहा है। नौकरी से निकाला गया गार्ड भी पिछले कई महीनों से आईपीडी वार्ड के बाहर जांच करवाने वालों की लिस्टें बनाने एवं उनके पॉजिटिव-निगेटिव होने की रिपोर्ट बनाने में लगा था। इस तरफ अस्पताल प्रशासन ने पहले कभी ध्यान नहीं दिया। यह तो सरासर गार्ड के जीवन से खिलवाड़ था। गार्ड के समर्थन में उतरे लोगों ने इस मामले की जांच की बात कही है। उन्होंने गार्ड से इस प्रकार का काम लेने वालों खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कही है।