पुंछ जिले के लोरन क्षेत्र से जिला परिषद हेतू नामांकण पत्र जमा करवाते पी डी पी प्रत्याशी शमीम गनेई
- फोटो : POONCH
पुंछ। जिले में डीडीसी चुनाव के तीसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो गई। इसके लिए कुल 21 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए है।
गौरतलब है कि तीसरे चरण में मंडी तहसील के मंडी और लोरन क्षेत्र में चुनाव आयोजित कराए जाएंगे। इसको लेकर जहां लोरन में 11 पुरुष प्रत्याशियों ने परचे भरे हैं। वहीं मंडी जोकि महिलाओं के लिए आरक्षित है, वहां से दस प्रत्याशियों ने परचे भरे हैं। तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन कई दिग्गजों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इनमें मंडी से गुपकार गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर नेशनल कांफ्र्रेंस के पूर्व विधायक एवं नेकां यूथ के प्रांतीय प्रधान एजाज अहमद जान की मां अतिका बेगम ने नामांकन पत्र जमा किया। वहीं लोरन से गुपकार गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर पीडीपी के शमीम अहमद गनेई जोकि मंडी ब्लॉक के बीडीसी चेयरमैन भी हैं। उन्होंने अपना नामांकन पत्र जमा कराया। जबकि पूर्व विधायक एवं पीडीपी छोड़ चुके शाह मोहम्मद तांत्रे ने निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल किया है।
बुधवार को अंतिम दिन मंडी में नेशनल कांफ्रेंस की तरफ से गुपकार गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर पूर्व विधायक एजाज अहमद जान की मां अतिका बेगम का नामांकन पत्र जमा कराने के लिए मंडी कस्बे में रैली निकाली गई। वहीं लोरन में पीडीपी के सदस्य और गुपकार गठबंधन प्रत्याशी शमीम गनेई भी समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे और अपना नामांक न पत्र जमा कराया। उन्होंने गुपकार एजेंडे की बात करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की 5 अगस्त 2019 के पहले की स्थित बहाल कराना ही गुपकार गठबंधन का उद्देश्य है। क्योंकि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता लोरन क्षेत्र का विकास कराना और यहां पर पर्यटन एवं अन्य माध्यमों से रोजगार के अवसर विकसित करना है। जबकि समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे पीडीपी के पूर्व विधायक शाह मोहम्मद तांत्रे ने सभी राजनीतिक दलों पर लोरन का विकास न कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैंने पीडीपी इसलिए छोड़ दी थी, क्योंकि हमें लोरन के लिए डिग्री कॉलेज नहीं दिया गया था। मैं लोरन क्षेत्र की जनता के विकास के लिए ही सरकारी नौकरी छोड़ कर राजनीति में आया और लोगों के विकास के लिए ही अपना जीवन लगा दूंगा।