पुंछ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में पंचायतीराज को मजबूत करने और पंचायतों में तीन स्तरीय व्यवस्था लागू करने का काम किया है। इसके लिए जम्मू-कश्मीर की जनता उनका आभार व्यक्त करती है।
यह कहना है भाजपा के जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना का, जो पुंछ प्रवास के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे। मंगलवार दोपहर को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना पुंछ प्रवास पर पहुंचे। जहां पर पार्टी कार्यालय पर जिला प्रधान मोहम्मद रफीक चिश्ती और प्रदेश प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने उनका स्वागत किया। रैना ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले में पार्टी कार्य की समीक्षा करते हुए पार्टी पदाधिकारियों से कार्य को घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया। रैना ने जिला परिषद के चुनाव को लेकर भी पार्टी पदाधिकारियों को कई प्रकार के निर्देश देते हुए जिले की जनता से जिला परिषद चुनाव संपन्न कराने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्तर साल से जम्मू-कश्मीर में जो विकास नहीं हुआ है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। पंचायती राज को सही प्रकार से लागू करने के लिए पहले पंचायत चुनाव कराए गए। उसके बाद ब्लाक विकास परिषद के चुनाव कराए गए। अब जिला परिषद के चुनाव कराए जा रहे। जो पार्टी स्तर पर नहीं होंगे। कोई भी पार्टी चुनाव चिह्न पर चुनाव नहीं लड़ा जाएगा। इन चुनाव से पंचायतीराज सही प्रकार से लागू होगा। लोगों का सही प्रकार विकास होगा।