पुंछ। जिला पुलिस के साइबर सेल ने चोरी या गुम हुए 50 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके मालिकों को लौटाया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल फोन में हर किसी का निजी डाटा रहता है, जिसका किसी गलत हाथों में पहुंच जाना परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए अगर किसी का मोबाइल चोरी या गुम हो जाए तो पुलिस में लिखित शिकायत दें। मंगलवार दोपहर को नगर स्थित पुलिस थाने में एक बैठक बुलाई गई। इसकी अध्यक्षता पुलिस साइबर सेल के इंचार्ज डीएसपी मनीश शर्मा ने की, जबकि एसएसपी डॉ. विनोद कुमार मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान चोरी या गुम हुए 50 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीते एक वर्ष में जिले से गुम अथवा चोरी हुए 130 मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे गए हैं।