संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला पुलिस कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में शनिवार को एसएसपी अनुज कुमार की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, एसओजी, पीसीआर प्रभारी, डीएसबी, पुलिस पोस्ट व बॉर्डर पुलिस पोस्ट के प्रभारी तथा सभी पीएसआई शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों को फील्ड स्तर तक पहुंचाकर उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित करना रहा। एसएसपी ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में रहने वाले ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू), जमीन मालिकों और जमीन पर खेती करने वाले लोगों के रिकॉर्ड को संबंधित थानों में नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ गैंगस्टरों, नशा तस्करों और अन्य आपराधिक तत्वों की विस्तृत प्रोफाइल तैयार रखने पर जोर दिया।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को वर्दी में रहते हुए सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड या साझा नहीं करने के उच्चाधिकारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा। यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और पर्यवेक्षी अधिकारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कानून के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नाका ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क, सक्रिय और तकनीकी रूप से दक्ष रहने को कहा। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी पुलिसकर्मी को हथियार के बिना नाका या राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्यूटी पर तैनात न किया जाए। एसएसपी ने सभी थानों में शाम की रोल कॉल दोबारा शुरू करने तथा नियमित ब्रीफिंग और डी-ब्रीफिंग आयोजित करने के भी निर्देश दिए, ताकि पुलिसकर्मी ड्यूटी से जुड़ी परिस्थितियों और सुरक्षा संबंधी निर्देशों से लगातार अपडेट रहें।