पुंछ। पुलिस ने मंगलवार शाम को नगर में एक संदिग्ध दिखने के बाद कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सभी सड़कों पर नाकाबंदी करते हुए घंटों तक नगर से बाहर आने जाने वाले वाहनों की जांच जारी रखी।
पुलिस ने संदिग्ध की फुटेज एकत्रित की। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम को नगर के आजाद मोहल्ला में एक संदिग्ध दिखने एवं उसके द्वारा किसी व्यक्ति से गांव अजोट किस तरफ है पूछने की जानकारी पुलिस को मिली।
इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला मुख्यालय में मौजूद सभी पुलिस अधिकारी पुलिस एवं एसओजी जवानों के साथ हरकत में आ गए और संदिग्ध का पता लगाने के लिए कई क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। उन क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी को खंगालते हुए फुटेज जमा की। मगर देर रात तक कुछ हाथ नहीं लग पाया। संवाद