पुंछ। पुंछ जिले के उपजिला मेंढर की कृष्णा घाटी में मंगलवार को बारूदी सुरंग विस्फोट में सेना का एक जवान घायल हो गया। उसे सैन्य अस्पताल पुंछ में भर्ती करवाया गया है। जहांं उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल जवान की पहचान सेना की 7 जाट रेजिमेंट के नायक जोरा सिंह (32) के रूप में हुई है।
सुबह करीब आठ बजे कृष्णा घाटी में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकी पर तैनात जाट रेजिमेंट के जवान नियमित गश्त कर रहे थे। इस दौरान नायक जोरा सिंह का पांव अज्ञात बारूदी सुरंग पर पड़ गया। इससे हुए धमाके में वह घायल हो गया। गौरतलब है कि नियंत्रण रेखा पर सीमा पार से घुसपैठ रोकने के लिए बिछाई कई बारूदी सुरंगें बारिश या भूस्खलन से खिसककर नीचे आ जाती हैं, जिससे हादसा हो जाता है।
9 दिसंबर का सेना का हवलदार हो गया था बलिदान
इससे पहले पुंछ जिले के सावजियां क्षेत्र में 9 दिसंबर का बारूदी सुरंग विस्फोट में सेना का हवलदार बलिदान हो गया था। इसी महीने की 14 तारीख को राजोरी जिले में नियंत्रण रेखा पर बारूदी सुरंग विस्फोट मेंं सेना के छह जवान घायल हो गए थे।