समाज कल्याण विभाग की ओर से मनकोट में नशा मुक्त भारत हस्ताक्षर अभियान आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। उपजिला मेंढर के भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित मनकोट तहसील मुख्यालय पर मंगलवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लाेगों, युवाओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्ताक्षर दर्ज करवा कर समाज एवं देश को नशा मुक्त बनाने का प्रण लिया।
मंगलवार को दूसरे दिन भी उपजिला मुख्यालय मेंढर के मनकोट तहसील मुख्यालय पर जिला समाज कल्याण विभाग की तरफ से नशा मुक्त हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता तहसील समाज कल्याण विभाग अधिकारी मेंढर मोहम्मद शकील मनहास ने की, जबकि जिला समाज कल्याण विभाग अधिकारी मोहिंद्रपाल इसके मुख्य अतिथी रहे। उन्होंने हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ करवाया। इस अवसर पर मोहिंदर पाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरे देश में समाज से नशा उन्मूलन को लेकर कई प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत समाज कल्याण विभाग की ओर से बीते सोमवार को उप जिला मेंढर से नशा मुक्त भारत हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया था, जो आज यहां मनकोट तहसील मुख्यालय पहुंचा है। बड़ी संख्या में लोगों ने इस अभियान में भाग लेकर समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हस्ताक्षर करने के साथ ही संकल्प भी लिया है।