पुंछ। पुलिस की तरफ से मंगलवार शाम को नगर के डिग्री कालेज सभागार में मुशायरा का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर से आए करीब एक दर्जन शायरों एवं कवियों ने भाग लिया। इस दौरान कलाम पेश कर समां बांधा और वाहवाही लूटी। इसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। मुशायरे की अध्यक्षता एएसपी खालिद अमीन और डीएसपी डीआर सचिन गुप्ता ने की, जबकि डीडीसी चेयरपर्सन ताजीम अख्तर और एसएसपी रमेश अंगराल ने की।
मुशायरे में नजीर बट्टी, सज्जाद हुसैन, इशरत बट्ट, अनवर खान, हारूण राठोर, कैलाश शर्मा, विजयगीता, फतेह मोहम्मद अब्बासी, मुजाहिद हुसैन, प्रदीप खन्ना, केडी मैनी आदि ने कलाम पेश किए। मुशायरे के अंत में पुुलिस की तरफ से एसएसपी और डीडीसी चेयरपर्सन ने सभी शायरों को शाल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। एसएसपी रमेश अंगराल ने बताया कि पुलिस की तरफ से सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत सुरनकोट और मेंढर में महफिल-ए-मुशायरा का पहले ही आयोजन किया जा चुका है। पुंछ में कृत्रिम अंग लगाने के शिविर के बाद यह मुशायरा आयोजित किया गया, ताकि पुलिस और समाज के बीच नजदीकियां बढ़ाई जाएं। डीडीसी चेयरपर्सन ताजीम अख्तर ने पुलिस की तरफ से इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए आभार प्रकट किया। प्रदीप खन्ना ने मंच संचालन किया।