वीरवार को बर्फबारी के बाद बंद कर दिया गया था मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। जिले को कश्मीर से जोड़ने वाली मुगलरोड बर्फबारी के चलते शुक्रवार को दूसरे दिन भी यातायात के लिए पूरी तरह बंद रही। इससे कश्मीर की तरफ जाने वालों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। दोपहर बाद बर्फबारी थमने के साथ ही पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल इंजीनियरिंग विंग ने असिस्टेंट एग्जिक्यूटिव इंजीनियर मोहम्मद तारिक खान की देख रेख में मुगलरोड से बर्फ हटाने का अभियान शुरू किया। अंधेरा होने तक बर्फ हटाते हुए विभाग की स्नोप्लो मशीनें पीर की गली तक पहुंच गई थीं।
मोहम्मद तारिक खान ने बताया कि मुगल रोड पर बर्फबारी के चलते वीरवार शाम चार बजे मुगलरोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। उसके बाद रात भर मुगलरोड पर भारी बर्फबारी हुई है। पोशाना से पीर की गली तक छह इंच से एक फुट तक बर्फबारी हुई है। आज बर्फबारी थमने के बाद डीसी के निर्देश पर बर्फ हटाने का काम पूरा करवाया। मुगलरोड पर कुछ स्थानों पर भारी पाला जमा हुआ है। अब शनिवार सुबह मुगलरोड अथॉरिटी उन स्थानों पर नमक का छिड़काव करेगी। उसके बाद 11 बजे के बाद जब धूप खिलेगी तब ही मुगलरोड पर फिसलन खत्म होगी, और यातायात बहाल हो सकेगा।
जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश दोपहर तक जारी रही। इस दौरान पीरपांचाल के पहाड़ों के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्र सावजियां, लोरन, डन्ना, हिलकाका, रंजाटी, आदि में मौसम की पहली बर्फबारी होने के समाचार हैं। इससे जिले में ठिठुरन शुरू हो गई है।