पुंछ। राजोरी-पुंछ पुलिस रेंज के नए डीआईजी डॉ. सुनील गुप्ता ने वीरवार को पुंछ जिले का दौरा किया। एसएसपी युगल मनहास ने अन्य अधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया और उन्हें जिले के वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस मुख्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं अपराध समीक्षा बैठक भी की। बैठक के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।
बैठक में भाग लेने वाले अधिकारियों पर सुरक्षा तैनाती के लिए व्यक्तिगत रूप से ब्रीफिंग/डी-ब्रीफिंग सुनिश्चित करने और अतिरिक्त सतर्क रहने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान यूएपीए/एनडीपीएस के तहत दर्ज मामलों, जघन्य अपराध, महिलाओं के खिलाफ अपराध की विशेष रूप से समीक्षा और चर्चा की गई और निर्धारित समय के भीतर गुण-दोष के आधार पर ऐसे मामलों की जांच को अंतिम रूप देने के लिए कठोर प्रयास करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को बेहतर समन्वय और तालमेल के लिए जिले में काम कर रहे सुरक्षा बलों और अन्य सहयोगी एजेंसियों के बीच घनिष्ठ संपर्क बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में एसएसपी युगल मनहास, एएसपी मुशीम अहमद, हामिद अली बंदे डिप्टी एसपी सुरनकोट, भूपिंदर कुमार एसडीपीओ मेंढर, पंकज सूदन डिप्टी एसपी डीएआर पुंछ, अहजाज अहमद डिप्टी एसपी आप्रेशन उपस्थित रहे।
सुरनकोट पुलिस स्टेशन का कामकाज जांचा
इस बैठक के उपरांत डीआईजी ने सुरनकोट का दौरा किया और पुलिस स्टेशन के कामकाज का निरीक्षण किया और सीसीटीएनएस लैब, मालखाना, जवान बैरक और पुलिस स्टेशन सुरनकोट की अन्य इकाइयों का भी निरीक्षण किया। जांच की गुणवत्ता से समझौता किए बिना सभी लंबित मामलों के समयबद्ध निपटान के लिए पर्यवेक्षी अधिकारी/एसएचओ को आवश्यक निर्देश दिए गए और साइबर अपराध शिकायतों, गैर संज्ञेय रिपोर्ट और महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया।