पुंछ। जिला प्रशासन की तरफ से शुक्रवार को गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर एक बैठक हुई। इसमें सभी विभागों के जिला अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त राहुल यादव और एसएसपी ने की। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के अंतर्गत आने वाले कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश देने के साथ ही अधिकारियों को बताया कि सरकार की तरफ से इस बार जिला मुख्यालयों के साथ ही सभी तहसीलों, ब्लाकों और पंचायतों पर भी कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। इसके लिए सभी पंचायत एवं ब्लॉक अधिकारियों को पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्यक्रमों की तैयारी करनी है। ताकि इस बार भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाए। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना को देखते हुए बचाव के सभी उपायों को प्राथमिकता दी जाए।