माप तोल विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को सुरनकोट बाजार में औचक छापेमारी करते हुए उपभोक्ताओं के साथ धोखा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाही करते हुए उनसे जुर्माना वसूला।
दोपहर को माप तोल विभाग विभाग के सहायक कन्ट्रोलर केवल कृष्ण की अगुवाई में विभाग के एक दल ने सुरनकोट तहसील मुख्यालय के बाजार में औचक छापेमारी करते हुए जांच कार्य शुरू किया।
इस दौरान उन्होंने नकली ग्राहक बनकर कुछ दुकानदार के पास सामान खरीदा जिसमें पाया कि दुकानदार बोतलों एवं डिब्बों में बंद और पैकेट पदार्थों, जिन पर मूल्य 53 रुपए अंकित था उस पर 60 रुपए वसूल रहे थे।
ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने मौके पर ही दोषी दुकानदारों के चालान काट कर उनसे 15500 रुपये जुर्माना वसूला और उन्हें भविष्य में इस प्रकार की धोखाधड़ी करते हुए पकड़े जाने पर उनका रजिस्ट्रेशन रदद करने की चेतावनी भी दी।
उधर, सहायक कन्ट्रोलर केवल कृष्ण ने उपभोक्ताओं को इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वो अपनी लिखित शिकाय विभाग के पुंछ कार्यालय में दर्ज करवाएं।