पुंछ। तहसील प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कृषि विभाग के अधिकारियों की देख रेख में वीरवार को नगर के एयर फिल्ड क्षेत्र में स्थित कृषि विभाग की निर्माणाधीन इमारत को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इमारत में बरसों से डेरा डाले तीन परिवारों को उनके सामान और माल-मवेशियों के साथ बाहर निकाल कर तारबंधी कर दी गई है। अवैध कब्जा करने वाले लोग देर शाम तक कृषि विभाग की इमारत के बाहर सड़क के किनारे सामान सहित ढेरा डाले बैठे रहे।
जानकारी के अनुसार जिला विकास आयुक्त के निर्देश पर तहसीलदार हवेली अंजुम बशीर खटक और एसएचओ एस डी सिंह की अगुवाई में राजस्व विभाग, पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारी कृषि विभाग की निर्माणाधीन इमारत में पहुंचे। वहां पहुंचकर बरसों से अवैध कब्जा जमाए तीन परिवारों के लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान कब्जा जमाए लोगों ने थोड़ा विरोध किया परंतु पुलिस ने जबरदस्ती उनको सामान सहित इमारत से निकाल बाहर कर दिया। इसके बाद इमारत के प्रवेश द्वार की तारबंधी कर दी।
इस बारे में कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह इमारत फंड की कमी के कारण पिछले दो दशकों से निर्माणाधीन पड़ी हुई थी। इसकी एक छत डाली जा चुकी थी। इसमें वर्ष 2014 में आई बाढ़ के बाद तीन परिवारों के लोगों ने अपने माल-मवेशियों सहित डेरा डाल लिया था। उन्हें कई बार बाहर निकलने को कहा गया लेकिन वह नहीं माने। इससे पहले भी एक बार इन्हें बल पूर्वक बाहर निकाला गया था लेकिन यह लोग फिर यहां घुस आए थे।
कृृषि अधिकारियों का कहना है कि पहले भी विभाग के उच्च अधिकारियों से इस इमारत का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए पैसा जारी करने की मांग की थी। अब फिर से मांग करेंगे, ताकि इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाए और कृषि विभाग यहां काम करने लगे।