पुंछ। मुगलरोड से बर्फ हटाए जाने का काम पूरा होने के अगले दिन रविवार को जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) पुंछ इन्द्रजीत और एसएसपी डॉ. विनोद कुमार ने पीर की गली तक का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही यातायात बहाल होने पर की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था को देखा। इस दौरान उनके साथ पुलिस एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ ही पीडब्ल्यूडी मैकैनिकल विंग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला विकास आयुक्त ने पीडब्ल्यूडी मैकैनिकल विंग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह मुगलरोड पर जहां बर्फ हटाने के बाद सड़क तंग है वहां से और बर्फ हटा कर मार्ग को दो तरफा वाहनों की आवाजाही के योग्य बनाएं। उन्होंने कहा कि कश्मीर की तरफ से बर्फ हटाने का काम पूरा होने के बाद मुगलरोड को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं अगले कुछ दिनों में सचिवालय भी जम्मू से श्रीनगर चले जाने से मुगलरोड पर वाहनाें की आवाजाही में बढ़ोतरी होगी। ऐसे में मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से चले, यह सब देखने के लिए ही मुगलरोड का दौरा किया गया है। बता दें, शनिवार को ही पुंछ जिले की तरफ से 44 किलोमीटर लम्बी मुगलरोड से बर्फ हटाने का काम पूरा कर लिया गया था।