पुंछ। कश्मीर में भाजपा नेताओं पर हमले आतंकी संगठनों की बौखलाहट है। कश्मीर में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं, जो आतंकियों को सहन नहीं हो रहा है। आतंकी हमलों से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं गिरेगा। आतंकियों को जल्द ही उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। यह बात भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने पुंछ में हुई सभा के बाद मीडिया से कही।
पुंछ नगर में हाल ही में पीडीपी छोड़ भाजपा में शामिल हुए गुरदीप सिंह सराफ की तरफ से आयोजित सभा में रैना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जब भी विधानसभा के चुनाव होंगे तो अगला मुख्यमंत्री भाजपा से ही होगा, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सबका साथ सबका विकास आज घर-घर तक पहुंच गया है और जम्मू कश्मीर में बच्चा-बच्चा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहा है और तिरंगा लेकर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में तेजी से विकास हो रहा है। जम्मू से पुंछ तक फोरलेन का काम तेजी से किया जा रहा है। गांव गांव तक सड़क, बिजली, पानी पहुंचाया जा रहा है। हमारी पार्टी गरीबों, पिछड़ों के लिए काम कर रही है। वह दिन दूर नहीं जब आपके यहां ट्रेन चलेगी। आप लोग भी आराम से रेल से जम्मू आ जा सकेंगे। सांसद जुगल किशोर शर्मा के प्रयासों से जम्मू-पुंछ फोरलेन का काम अगले दो तीन सालों में पूरा हो जाएगा। जम्मू से पुंछ के बीच दो टनल बनाए जाएंगे और आप नाश्ता पुंछ में करने के बाद जरूरी काम के लिए जम्मू जाएंगे और रात को भोजन फिर अपने परिवार के साथ करेंगे।
इस अवसर पर गुरदीप सिंह सराफ ने पुंछ में महिला डिग्री कॉलेज खोलने, जम्मू यूनिवर्सिटी कैंपस का निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवाने और जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार से मांग की। जनसभा में सांसद जुगल किशोर शर्मा, पार्टी संगठन मंत्री अशोक कौल, पूर्व एमएलसी विबोध गुप्ता, पूर्व एमएलसी प्रदीप शर्मा भी मौजूद रहे।