राजोरी। रमजान माह के पहले जुमे की नमाज को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में शुक्रवार को खासा उत्साह दिखा। दोपहर को जामा मस्जिद समेत सभी प्रमुख मस्जिदों में नमाज के लिए रोजेदारों और नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। मौलानाओं ने नफरत समेत सारी बुराइयों को समाप्त करने और नेकी की राह पर चलने का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के इंतजाम पुख्ता रहे। मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
रमजान के जुमे की विशेष नमाज शुक्रवार को जामा मस्जिद में हुई। दोपहर एक बजे से ही नमाजियों का आना शुरू हो गया था। छोटे बच्चे भी काफी संख्या में जामा मस्जिद पहुंचे। इस मौके पर डीएसपी हेडक्वार्टर समेत कई अधिकारी जामा मस्जिद के आसपास मौजूद रहे।