पुंछ। जिले में बारिश थमने के साथ ही जिला प्रशासन की तरफ से नदी-नालों के आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से पुंछ नगर के साथ बहने वाली पुलस्तय नदी के नगर की तरफ मुड़े बहाव का रुख बदलने के लिए जेसीबी मशीनों को काम पर लगा दिया है। वहीं बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए मुख्य बांध की मरम्मत और उसके आगे क्रेट डालने का काम भी शुरू कर दिया है। इसको लेकर नगर के लोगों ने जिला प्रशासन का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की इस तत्काल कार्रवाई से नगर के वर्ष 2014 जैसे हालत बनने से बच जाएंगे। गौरतलब है कि गत दिनों जिले में भारी बारिश और बादल फटने से आई बाढ़ के बाद पुलस्य नदी ने कनूईयां एंव मंगनाड़ क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी। वहीं नदी का बहाव नगर की तरफ मुड़ गया था। इससे नदी किनारे बनाए गए बांध को भी नुकसान पहुंचा था। इससे बांध टूटने का खतरा बन गया था।