पुंछ। जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी जावेद इक़बाल गुलशन ने बुधवार को विभिन्न सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों के बाद पढ़ाई की तैयारियों और कक्षाओं को सुचारू रूप से फिर से शुरू के कार्याें का निरीक्षण किया। उन्होंने हायर सेकेंडरी स्कूल शीश महल, मिडिल स्कूल चंडक, हायर सेकेंडरी स्कूल चंडक और हायर सेकेंडरी स्कूल छात्र सुरनकोट का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने स्कूल लौटने पर छात्रों का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उन्होंने छुट्टियों का भरपूर आनंद लिया होगा और नए जोश और संकल्प के साथ लौटे होंगे। विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत के दौरान शिक्षा सत्र के शुरुआती महीनों के महत्व पर ज़ोर दिया। कहा कि नियमित उपस्थिति, पढ़ाई की अनुशासित आदतें और क्लास में सक्रिय भागीदारी पूरे साल में सफलता की नींव रखेगी।
शिक्षकों से बातचीत करते हुए उन्होंने हर छात्र की सीखने की व्यक्तिगत ज़रूरतों को पहचानने और पढ़ाई-लिखाई व अन्य गतिविधियों में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा के प्रावधानों के अनुरूप रखने का भी निर्देश दिया।