पुंछ। नियंत्रण रेखा पर स्थित पुंछ में भी सोमवार को जिला सनातन धर्म सभा और गो रक्षा दल की तरफ से गो माता सम्मान अभियान के तहत शोभा यात्रा निकाली गई। जिला विकास उपायुक्त पुंछ के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन एवं हस्ताक्षर पत्र सौंपे गए। इनके माध्यम से सरकार से गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की गई।
सोमवार दोपहर को नगर स्थित गीता भवन में सनातनी समाज की महिलाएं, पुरुष और युवा एकत्र हुए। यहां से गो रक्षा दल के प्रधान कोशल रैना, महासचिव एडवोकेट नवजोत शर्मा, सनातन धर्म सभा प्रधान क्षेत्रपाल शर्मा और सचिव अमरीश कुमार की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भाग लेने वाले राम नाम का गुणगान करते चल रहे थे।
शोभायात्रा नगर के विभिन्न भागों से होती हुई जिला विकास उपायुक्त कार्यालय पहुंची। यहां जिला विकास उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने कार्यालय के बाहर आकर हस्ताक्षर पत्र और ज्ञापन प्राप्त किया। वहीं जिले के सुरनकोट, मंडी और मेंढर तहसील मुख्यालयों पर भी संबंधित तहसीलदारों को ज्ञापन सौंपे गए।