पुंछ। पुंछ और राजोरी जिले को कश्मीर से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड को छोटे और हल्के वाहनों के लिए खोल दिया गया। यह मार्ग बर्फबारी के कारण पिछले डेढ़ महीने से यातायात के लिए बंद था। इसके साथ ही पुंछ जिले के बैहरामगल्ला चैक पोस्ट से सैकड़ों वाहनों को कश्मीर की तरफ रवाना किया गया।
मुगल रोड को हल्के वाहनों के लिए खोले जाने को लेकर यातायात पुलिस के डीटीआई मंजूर कोहली का कहना है कि आईजी यातायात पुलिस एवं जिला मजिस्ट्रेट पुंछ के आदेश अनुसार मुगल रोड पर दोपहर 11 बजे से शाम 3 बजे तक वाहनों को आने जाने की अनुमति रहेगी। चालकों को यातायात पुलिस की हिदायतों का पालन करना होगा क्योंकि अभी मार्ग पर भारी बर्फ और फिसलन है। इसके कारण हादसों से बचने के लिए नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। उधर मुगल रोड खुलने से पुंछ एवं राजोरी जिले के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। गौरतलब है कि ऐतिहासिक मुगल रोड पहली बार फरवरी महीने के अंत में खोली गई है। इससे पहले यह मार्च के अंत अथवा अप्रैल में खोली जाती थी।