पुंछ। जिले में खराब मौसम और बारिश के चलते अधिकतर नदी नाले उफान पर रहे। बारिश में सबसे अधिक विकराल रूप मेंढरी नदी का देखने को मिला। जो मेंढर कस्बे के आसपास भारी उफान पर रही। इसके चलते पुंछ- मेंढर मार्ग पर कई घंटों तक नदी के पानी के सड़क के उपर से बहने के कारण यातायात बाधित रहा।
इस दौरान भारी बारिश से पुंछ में नगर के आसपास बहने वाली पुलस्त्य नदी, दोरंगली नदी और बेतार नदी का जलस्तर भी पहले से काफी बढ़ गया है। इससे नदी नालों के साथ स्थित जमीनों के कटाव का खतरा बढ़ गया है। इससे फसलों को भी नुकसान होने का खतरा बढ़ गया है। इस बीच प्रशासन की तरफ से सुरनकोट, मंडी, मेंढर और पुंछ में दिन भर वाहनों पर लाउड स्पीकर लगा कर एनाउंसमेंट की गई। इसमें लोगों को नदी नालों के पास न जाने की अपील की जाती रही। विशेष कर नदी नालों में खनन करने वालों को नदी नालों में न उतरने की चेतावनी दी गई। नदी नालों के आसपास स्थित गांवों के लोगों को भी सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए। संवाद