पुंछ। सुरक्षाबलों की तरफ से जिले की सुरनकोट तहसील के देहरागली क्षेत्र में आतंकियों की तलाश में अभियान चलाया गया। हालांकि देर शाम खबर लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिली थी।
सूत्रों के अनुसार सुरक्षाबलों को खूफिया जानकारी मिली थी कि जम्मू संभाग में 40 से 50 आतंकियों ने डेरा डाला हुआ है। इनमें बीस से अधिक पाकिस्तानी आतंकी शामिल हैं। इस सूचना के बाद जम्मू संभाग के चार से अधिक क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि आतंकियों का पता लगा कर उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाया जाए। बता दें, पुंछ जिले का देहरागली क्षेत्र पहाड़ी और घना जंगल है। यह क्षेत्र एक तरफ से कश्मीर के साथ लगता है, जिसके कारण इस क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी के समय समय पर समाचार मिलते रहे हैं। ऐसे में आज दिन भर में सुरक्षाबलों ने इस क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, जो देर रात तक जारी था।