पुंछ। जिले की सुरनकोट तहसील के गांव दराबा में शराब की दुकान खोले जाने को लेकर सोमवार को क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में डीडीसी सदस्य सुरनकोट एवं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव चौधरी शहनवाज हुसैन की अगुवाई में क्षेत्र के उलेमाओं और युवाओं ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हमें क्षेत्र में अच्छे स्कूल चाहिए, अच्छी खेल सुविधाएं और खेल मैदान चाहिए न कि शराब खाने चाहिएं। उन्होंने इस बात का भी आरोप लगाया कि इससे पहले वर्ष 2023 में भी यहां शराब की दुकान खोलने का प्रयास किया गया था तब हम लोगों ने दस दिन आंदोलन चला कर उसे बंद करवाया था। अब फिर गांव में शराब की दुकान खोली गई है वो भी नियमों का उलंघन करते हुए। शराब की दुकान के सो मीटर के दायरे में दो स्कूल, मंदिर, मस्जिद और बैंक शाखा है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर लोगों के विरोध के बावजूद यहां शराब की दुकान खोली गई तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।