पुंछ। डीसी पुंछ विकास कुंडल ने शनिवार को पुंछ की बैंछ पंचायत में आयोजित धरती आबा जनभागीदारी अभियान जागरूकता और लाभ संतृप्ति शिविर में भाग लिया। उन्होंने आदिवासी बहुल क्षेत्र में सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन किया।
डीसी ने अभियान के व्यापक दृष्टिकोण को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर 25 प्रमुख सरकारी हस्तक्षेपों को क्रियान्वित करने के लिए 17 केंद्रीय मंत्रालय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं कि धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत कोई भी पात्र आदिवासी परिवार लाभ से वंचित न रहे। यह अभियान समावेशी और न्यायसंगत विकास की दिशा में एक कदम है। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, कृषि, खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले, जल आपूर्ति, बिजली, आईसीडीएस और मिशन पोषण सहित सरकारी विभागों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। विभागों ने समर्पित सेवा स्टॉल लगाए, जिनमें मौके पर ही सहायता, जागरूकता और विभिन्न योजनाओं के लिए नामांकन की सुविधा प्रदान की गई। डीसी ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों और लाभार्थियों के साथ बातचीत कर सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता का आकलन किया।