पुंछ। जिले की मंडी तहसील में शुक्रवार देर शाम नदी में नहाते समय डूब जाने से एक बच्चे की मौत हो गई। शव को ग्रामीणों एवं पुलिस ने कड़े प्रयासों से नदी से तलाश कर उपजिला अस्पताल मंडी पहुंचाया। जहां कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान 15 वर्षीय बिलाल अहमद पुत्र वली मोहम्मद निवासी गांव पलेरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम मंडी तहसील के गांव पलेरा निवासी बिलाल अहमद गांव में बहने वाली नदी में नहाने के लिए गया था। इस दौरान वह नदी में डूब गया। इसका पता चलते ही परिजनों एवं ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कुछ दूरी से बच्चे को बेहोशी की हालत में नदी से बरामद किया गया। जिसे तत्काल उपजिला अस्प्ताल मंडी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।