पुंछ। राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने सुरनकोट शिव मंदिर पर हुए ग्रेनेड हमले में एनआईए कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया है। इसमें एक पाकिस्तान में मौजूद आतंकी सहित दो आरोपी शामिल हैं।
15 नवंबर 2023 को पुंछ जिले के सुरनकोट कस्बे में स्थित शिव मंदिर पर ग्रेनेड हमला हुआ था। आरोप पत्र अब्दुल अजीज निवासी हरी सफेदा सुरनकोट जिला पुंछ और नजीर अहमद उर्फ नजीरू उर्फ अली खान निवासी हाड़ी सफेदा सुरनकोट (वर्तमान में गुजरांवाला पाकिस्तान में रह रहा है) के खिलाफ दाखिल किया गया है।
एसआईए जम्मू की तरफ से ग्रेनेड हमले में आर्म्स एक्ट और विस्फोटक संबंधी आईपीसी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद जांच से पता चला है कि अब्दुल अजीज ने नजीर अहमद से मिले निर्देशों पर ग्रेनेड हमला किया था, जो वर्तमान में पाकिस्तान में सक्रिय है। एसआईए ने पुंछ एनआईए कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया है।
बताया गया कि नजीर अहमद 2001 में पाकिस्तान भाग गया था, जहां वह हिजबुल मुजाहिद्दीन में शामिल हो गया था। बाद में जम्मू कश्मीर गजनवी फोर्स (जेकेजीएफ) से जुड़ गया। 2022 के अंत में, नजीर अहमद ने पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों का उपयोग करके एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्लिकेशन के माध्यम से अपने रिश्तेदार अब्दुल अजीज के साथ फिर से संपर्क स्थापित किया। इस दौरान उसने अजीज को एचएम/जेकेजीएफ में भर्ती किया। उसे आतंकी संगठन के एजेंडे और विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए जिला पुंछ में धार्मिक स्थलों पर ग्रेनेड हमले करने का निर्देश दिया। नजीर अहमद ने न केवल अब्दुल अजीज को प्रशिक्षित और भर्ती किया। बल्कि उसे एन्क्रिप्टेड संचार चैनलों के माध्यम से हमले को अंजाम देने के लिए हथगोले भी मुहैया करवाए। इसके बाद नज़ीर अहमद ने मंदिर पर ग्रेनेड हमला किया था।