पुंछ। गांव मंगनाड में शुक्रवार देर शाम मछली पकड़ते पुलस्त्य नदी में डूबे मोहम्मद यूनुस का शव शनिवार को करीब बीस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया गया।
पुलिस और एसडीआरएफ ने दिन भर तलाशी अभियान चलाया। जेसीबी मशीनों के सहयोग से नदी का बहाव बदल कर शव पानी से बरामद किया। शव को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल लाया गया। जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने एवं पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों के हवाले किया गया।
सुहेल मलिक का कहना है कि मोहम्मद यूनुस पिछले तीन दशकों से नदी से मछली पकड़ने का काम कर रहा था। वह अच्छा तैराक भी था। वह इसलिए डूब गया कि नदियों में बड़ी बड़ी मशीनों से खनन करते हुए बीस से तीस फुट गहरे गड्ढे कर दिए गए हैं। इस अवैध खनन के कारण पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। इसलिए अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।