पुंछ। जिला सत्र न्यायालय में भी शनिवार को चौथी और अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ताशी रबस्तान ने किया। उन्होंने वकीलों एवं जजों से कहा, वह पारिवारिक विवादों को मध्यस्थता एवं आपसी सुलह से हल करें। ऐसे मामलों पर अपना विशेष ध्यान केन्द्रित कर अध्ययन करें, क्योंकि आपके छोटे से प्रयास से परिवार टूटने से बच सकते हैं।
इस अवसर पर चीफ जस्टिस ने सड़क हादसों के विभिन्न मामलों में करीब 40 लाख रुपये के चैक पीड़ितों को बतौर मुआवजा प्रदान किए। समाज कल्याण विभाग की तरफ से दिव्यांगों को व्हील चेयर प्रदान की गई। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता स्टालों का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को सद्भावना के संकेत के रूप में उपहार दिए गए। इसके अतिरिक्त, लाभार्थियों को मौके पर ही मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) के चेक वितरित किए गए।