पुंछ। जिले की मंडी तहसील के दूर दराज के क्षेत्र लोरन में शनिवार सुबह गांव के बाहर एक मादा भालू को दो बच्चों के साथ देखे जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालांकि ग्रामीणों ने शोर मचाकर मादा भालू और उसके बच्चों को भगा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुंछ जिले की मंडी तहसील के लोरन, अढाई, सावजियां गगड़ियां में अकसर जंगली भालू लोगोंं पर हमले करते रहते हैं। इससे कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और कई लोग अपंग भी हो चुके हैं। मादा भालू के फिर से गांव की तरफ आ जाने की आशंका से डरे हुए ग्रामीणों ने पुंछ में वाइल्ड लाईफ विभाग को सूचना दी। वाइल्ड लाईफ की टीम ने लोरन पहुंच कर मादा भालू की तलाश शुरू कर दी है ताकि उसे गांव से दूर खदेडा़ जा सके।
वाइल्ड लाईफ विभाग की टीम के प्रमुख सुमित कुमार ने बताया कि टीम भालू की खोज कर रही है। टीम की तरफ से ग्रामीणों को भालू से दूर रहने, उनके पीछे न भागने और उन्हें भगाने के लिए पटाखे चलाने अथवा दूर से ही शोर मचाने, कनस्तर पीटने की सलाह दी जा रही है।