पुंछ। जिला प्रशासन ने आकर्षक ट्रेकिंग अभियान को आयोजित करने और बढ़ावा देने के लिए एक प्रमुख निजी ट्रेकिंग संगठन इंडिया हाइक्स के साथ करार किया है। पुंछ के जिला विकास उपायुक्त यासीन मोहम्मद चौधरी की अगुवाई में इंडिया हाइक्स ने एक ट्रेकिंग का आयोजन किया। इसके तहत प्रतिभागियों को क्षेत्र में एक लोकप्रिय ट्रेकिंग मार्ग सेवन लेक्स की यात्रा पर ले जाया गया। ट्रेकिंग अभियान का शुभारंभ चंडीमाढ़ा से किया गया। पहले दिन चंडीमाढ़ा से थेरा तक 7.8 किलोमीटर की दूरी तय की। ट्रेक को एसडीएम सुरनकोट, फारूक खान ने हरी झंडी दिखाई। दूसरे दिन शुक्रवार को टीम थेरा से खुआन तक 9.2 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। तीसरे दिन कौन से नीलसर तक की यात्रा की जाएगी, जिसमें 5.5 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।
जिला विकास उपायुक्त यासीन एम चौधरी ने कहा, जिला प्रशासन पुंछ और इंडिया हाइक्स के बीच यह सहयोग पुंछ की अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता और ट्रैकिंग के अवसरों को प्रदर्शित करने के लिए एक रणनीतिक कदम है।