संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। स्थानीय विधायक सुरजीत सिंह स्लाथिया ने घगवाल क्षेत्र का दौरा किया उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। नोनाथ में लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से बन रहे आयुष अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। अस्पताल तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि घगवाल किसान मंडी, जिसका निर्माण कार्य करीब 18 वर्ष पहले शुरू हुआ था और लंबे समय से अधूरा पड़ा था, उसे अब चालू करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। मंडी को कार्यशील बनाने के लिए 50 लाख रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज के विपणन में सुविधा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने मार्केटिंग विभाग के अधिकारियों का भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
विधायक ने लोगों की बिजली, पेयजल, सड़क तथा अन्य बुनियादी समस्याओं की सुनवाई भी की। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। विधायक ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।