पुंछ। अपने पुंछ जिले के प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक जम्मू क्षेत्र भीम सेन टूटी ने पुलिस के परिचालन मूल्यांकन और सार्वजनिक आउटरीच पहल के तहत जिले भर में विशेष अभियान समूह (एसओजी) शिविरों का निरीक्षण किया।
इस दौरान आईजीपी ने आतंकवाद विरोधी ड्यूटी में लगे कर्मियों के साथ बातचीत की। उन्होंने उप जिला मेंढर के भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्रों के साथ ही संगयोट और भाटा दूडि़यां का भी दौरा किया। वहां तैनात जवानों और अधिकारियों के साथ बातचीत की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बनाए रखने में सतर्कता, समन्वय और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए जवानों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डीआईजी राजोरी-पुंछ रेंज तेजिंदर सिंह, एसएसपी पुंछ शफकत हुसैन और एएसपी मोहन शर्मा भी उनके साथ रहे।