पुंछ। नगर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को सुबह तड़के हुई भारी बारिश से भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित कस्बा और कीरनी सेक्टर की तरफ जाने वाली सड़क का करीब 60 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया, जिससे कस्बा कीरनी सहित दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय और अन्य हिस्सों से सड़क संपर्क कट गया।
सड़क बह जाने के कारण वाहनों की आवाजाही बंद होने से जहां अधिकतर लोग मंगलवार को ईद की खरीदारी करने के लिए गांव से बाहर नहीं जा पाए, वहीं बड़ी संख्या में नौकरी से छुट्टी लेकर घरों में ईद मनाने आ रहे लोगों को मीलों पैदल चल कर घरों तक पहुंचना पड़ा।
गांव कस्बा निवासी अजमत हुसैन शाह, गुलजार अहमद, नजीर हुसैन, आदि का कहना है कि सुबह चार बजे क्षेत्र में भयंकर बारिश होने लगी थी। उस दौरान बांडीचजचियां पुल से कस्बा की तरफ तीन सौ मीटर आगे सड़क का करीब 60 मीटर लंबा हिस्सा ध्वस्त हो गया। चलते मार्ग पर अब केवल दो पहिया वाहन गुजरने की जगह रह गई है। जिला प्रशासन से आग्रह है कि अगले दो दिनों में इस सड़क को दोबारा बना कर मार्ग पर यातायात बहाल किया जाए।