पुंछ। मंडी तहसील में सेना की 25 आरआर ने गांव बायला में मंगलवार को निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया। इसमें सेना के चिकित्सकों ने विभिन्न रोग से पीड़ित सैकड़ों लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। चिकित्सकों ने उन्हें सलाह दी कि वह स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार का अधिक से अधिक सेवन करें।
शिविर के दौरान लोगों को कोरोना से बचाव के उपाय के बारे में जागरूक करने के साथ ही 45 वर्ष से अधिक आयु के ग्रामीणों को कोरोना से बचाव का टीका लगवाने का भी आह्वान किया। लोगों ने सेना का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं नाम मात्र हैं। ऐसे में लोगों को छोटे मोटे रोग से पीड़ित होने पर भी मंडी अथवा पुंछ जाना पड़ता है। ऐसे में इस प्रकार के शिविरों से हमें काफी लाभ मिलता है। हमें गांव में ही अच्छे चिकित्सकों से जांच कराने के साथ ही मुफ्त दवाइयां भी मिल जाती हैं।