पुंछ। समाज सुधार सेवा सोसाइटी के सदस्यों ने नक्सली हमले में शहीद जवानों को नमन किया। इस दौरान नक्सलवाद के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन करने वालों ने केंद्र सरकार से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए बड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
नगर स्थित पुंछ किले के बाहर समाज सुधार सेवा सोसाइटी के संस्थापक जुगल किशोर शर्मा और फोजी मोहम्मद रशीद की अगुवाई में सदस्य एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ नारेबाजी की। जुगल किशोर शर्मा ने सभी नक्सलियों को मौत के घाट उतारने की मांग की। उन्होंने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केन्द्र सरकार के मंत्रियों की तरफ से इस बात का दावा किया जाता है कि देश में मजबूत सरकार है, लेकिन यह केवल दावों तक ही सीमित है। एक तरफ देश की सीमा की रक्षा करने वाले सुरक्षाकर्मी सुरक्षित नहीं हैं। वहीं अब देश के भीतर भी जवानों पर हमले हो रहे हैं। केन्द्र सरकार से नक्सलवाद का सफाया करने के लिए बालाकोट जैसी कार्रवाई की मांग करते हैं।