पुलिस की तरफ से उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस में गर्भवती को अस्पताल ले जाते परिजन।
पुंछ। सुरनकोट के रेड जोन गांव हाड़ी के बाहर तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने समय रहते दो गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस उपलब्ध कराई। पीड़ित महिलाओं के परिजनों और सरपंच ने भी प्रशासन का धन्यवाद अदा किया। साथ ही उन्होेंने क्षेत्र के ग्रामीणों को घरों में ही रहने का भी आह्वान किया।
जानकारी के अनुसार सुरनकोट के गांव हाड़ी में एक कोरोना संक्रमण का पॉजिटिव मामला आने के बाद दो दिन पहले गांव को रेड जोन और उसके आसपास के आधा दर्जन गांव को बफर जोन बना दिया गया। इसके बाद गांव की मुख्य सढ़क पर कंटीले तार डाल कर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी वहां डेरा डाल कर बैठ गए कि गांव से किसी को न तो बाहर जाने दिया जाए और न ही बाहर से किसी को गांव में जाने दिया जाए। इस बीच मंगलवार को रेड जोन में दो गर्भवती महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उनको निजी वाहनों में डाल कर अस्पताल ले जाने के लिए घर से निकले, परंतु नियमों के अनुसार रेड जोन अथवा बफर जोन से किसी को पैदल अथवा वाहनों से बाहर जाने की इजाजत नहीं होने के कारण अधिकारियों नेे एंबुलेंस उपलब्ध कराई।