पुंछ। उप जिला अस्पताल में उपचार के लिए आए सर्दी, जुकाम और खांसी से पीड़ित एक व्यक्ति को प्राथमिक जांच के उपरांत कोरोना वायरस की जांच एवं टेस्ट के लिए मेडिकल कालेज राजोरी रेफर कर दिया गया। इस मरीज की पहचान मोहम्मद असलम (35) पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी गांव गनीनाथ तहसील मंडी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को उप जिला अस्पताल मंडी में गांव गलीनाग से मोहम्मद असलम नामक व्यक्ति खांसी, जुकाम और सर्दी से पीड़ित होने पर उपचार के लिए पहुंचा। जांच के दौरान डाक्टरों ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह करीब बीस दिन पहले कुवैत से लौटा है। मरीज के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे तत्काल मेडिकल कालेज राजोरी रेफर कर दिया। इस मामले को लेकर अस्पताल के डाक्टरों का कहना है कि हमने एहतियात के तौर पर कोरोना के टेस्ट कराने के लिए मेडिकल कालेज भेजा है, क्योंकि जिले में कोरोना के टेस्ट की व्यवस्था नहीं है। दो दिन में जिले से दो लोगाें को कोरोना वायरस के टेस्ट के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया है। इससे पहले वीरवार को मेंढर उप जिला अस्पताल में चंडीगढ़ से लौटे खांसी, सर्दी और जुकाम से पीड़ित मरीज को जीएमसी जम्मू भेजा गया था, जबकि मंडी से भेजा गया यह दूसरा मामला है।
-----------
करोना वायरस के डर से बाजारों से रौनक गायब
दुकानदारों को करना पड़ रहा है मंदी का सामना
सुंदरबनी। करोना वायरस के डर ने सुंदरबनी बाजार को भी सुनसान कर दिया है। सुंदरबनी बाजार में दिनभर लोगों की रौनक देखने के मिल रही थी। पिछले कुछ दिनों से जैसे-जैसे सरकार की तरफ से तथा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना से बचने के लिए विभिन्न प्रकार की एडवाइजरी जारी की जा रही है तो आम लोगों में भी जागरूकता आ रही है। इस कारण बाजारों में आने से लोग परहेज कर रहे हैं। वहीं बाजारों में लोगों के कम आने के कारण दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि लोगों के कम आने के कारण दुकानदारों को मंदी का सामना करना पड़ रहा है।
-----
रामलीला सुंदर क्लब ने नाटक का मंचन कर किया जागरूक
सुंदरबनी। रामलीला सुंदर क्लब की ओर से मिनी बस अड्डे पर नाटक का मंचन कर कोरोना वायरस के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। जम्मू-कश्मीर कला एवं संस्कृृति के सहयोग से रामलीला सुंदर क्लब के कलाकारों ने मंचन कर नगर के दुकानदारों तथा लोगों को कोरोना वायरस से बचने के लिए किए जाने वाले उपाय बताए। संवाद
-----------
कोरोना वायरस के डर पर भारी पड़ी आस्था
जुमे की नमाज के लिए मस्जिदों में उमड़ी भीड़
खुदा से डरो कोराने से नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। पूरे विश्व मे कोरोना वायरस के डर से जहां एक तरफ विश्व भर में अफरातफरी का माहौल है। तो दूसरी तरफ राजोरी में कोरोना वायरस के डर पर धार्मिक आस्था भारी पड़ती नजर आई। शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर गुज्जर मंडी स्थित ईदगाह मैदान हो या शहर की जामा मस्जिद। जुमे की नमाज अता करने वालों की संख्या पहले से अधिक नजर आई।
उक्त दोनों जगहों पर बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज अता की व दुनिया भर में अमन शांति व कोरोना के खत्म होने की दुआ मांगी। कोरोना वायरस के डर से बेखौफ लोगों ने एक साथ नमाज अता की व खुदा से परिवार व अन्य की सलामती के लिए दुआ मांगी। इस अवसर पर मौलानाओं ने कहा कि लोगों को कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि खुदा से डरने की जरूरत है। जो व्यक्ति खुदा से डरता है व कोई बुरा काम नहीं करता है। उसे कोरोना वायरस हो या कोई भी और वायरस उनसे डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना वायरस के डर को लेकर अफवाहें फैलाने से बचना चाहिए और खुदा की इबादत में ध्यान लगाना चाहिए ताकि उनके परिवार में सुख शांति बनी रहे। उधर जिले के अन्य इलाके जैसे बुद्धल, कोटरंका, दरहाल, थन्नामंडी में भी जुमे की नमाज अता करने मस्जिदों में पहुंचने वालों की कमी नहीं दिखी। हर जगह बिना डर के लोग मस्जिदों में पहुंचे व नमाज अता कर विश्व भर में कोरोना वायरस से बचाव के लिए दुुआएं मांगी।
-------------
भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से करें परहेज
उपायुक्त ने कोरोना वायरस को लेकर प्रेसवार्ता की
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। उपायुक्त राहुल यादव ने तेजी से फैल रहे कोरोना वयरस की रोकथाम के लिए लोगों से अफवाहों से दूर रहने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर न जाने, सार्वजनिक तौर पर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन न करने और ऐसे कार्यक्रमों से दूर रहने, सफाई का ध्यान रखने और किसी भी प्रकार के फ्लू की शिकायत होने पर डाक्टर को दिखाने और खुद को अन्य लोगों से अलग रहने का आह्वान किया है।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता में उपायुक्त ने कहा कि अगर कोई संदिग्ध कोरोना लक्षणों से पीड़ित मिलता है तो हमें उसे जांच के लिए जीएमसी जम्मू अथवा राजोरी भेजना पड़ेगा। क्योंकि हमारे पुंछ में अभी इसके टेस्ट की सुविधा नहीं है लेकिन सबसे बड़ी बात हमें कोरोना को लेकर पैनिक नहीं होना है और बचाव के पूरे उपाय करने हैं। उपायुक्त ने जानकारी दी कि वीरवार को जिले में अरब देशों से 20 लोग घर लोटे हैं, जिनकी हमने जिले के प्रवेश द्वार बिंबर गली में ही पूरी जांच कराई है। उनके लिए हमने कुछ टीमें भी गठित की हैं, जो अगले 15 से 20 दिन तक दिन में तीन बार उनके घर जाकर जांच करेगी। हमने उन्हें सभी को घरों में भी अगले 20 दिन के लिए अलग थलग रहने और इबादत के लिए धार्मिक स्थलों पर न जाने की सलाह दी है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि अगर उनमें से किसी को कोरोना वायरस से पीड़ित होने के लक्षण सामने आते हैं तो उनके परिजनों अथवा अन्य लोगों को उनसे किसी प्रकार का खतरा उत्पन्न न हो।