-अस्पताल कर्मचारियों और दमकल विभाग की तत्काल कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से बचा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। मंडी तहसील मुख्यालय स्थित उपजिला अस्पताल के आक्सीजन प्लांट में मंगलवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। अस्पताल कर्मचारियों और दमकल विभाग की तत्काल कार्रवाई से आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। आग लगने से प्लांट के कुछ उपकरण और तारें जल गई हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे उपजिला अस्पताल मंडी के आक्सीजन प्लांट में बिजली का शार्ट सर्किट हो गया। इससे प्लांट के उपकरणों से धुंआ निकालने लगा। आग की चिंगारियां उठने लगीं, जिसका पता चलते ही अस्पताल के कर्मचारियों और चिकित्सकाें ने तत्काल मौके पर पहुंच कर बिजली की सप्लाई बंद कर दी। इसी बीच कुछ ही मिनटों में दमकल कर्मचारी गाड़ी के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और प्लांट के उपकरणों में लगी आग को बुझाया।