पुंछ। जिले में जंगलों में आग लगने की घटनाएं थम ही नहीं रही हैं। इसके चलते शुक्रवार शाम को जिले की सुरनकोट तहसील के पुंछ जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जडांवाली गली के जंगलों में अचानक आग लग गई। इसका पता चलते ही वन विभाग के कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाने के प्रयास करने लगे। इस बीच फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। इसके बाद वन विभाग और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने कडे प्रयासों से देर शाम तक आग पर काबू पाया। उधर, देर शाम को शुरू हुई बारिश भी वन विभाग और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के लिए वरदान साबित हुई। गौरतलब है कि इससे पहले जिले में पुंछ जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाटादूडियां, तोतागली, बींबर गली, नाढ और नाढ खास के जंगलों में कई दिनों तक आग लगी रही थी। इससे वन संपदा और वन्य प्राणियों को भारी नुकसान पहुंचा था।