फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू कश्मीर में बारिश से तबाही का सिलसिला जारी: पुंछ में भूस्खलन ने उजाड़ दिए कई परिवार, अब तक 11 की मौत

Mon, 20 Jul 2026 05:50 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, पुंछ

सार

पुंछ जिले के मंडी तहसील के लोरन ब्लॉक स्थित दोमेल ढोक इलाके में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
विज्ञापन
पुंछ में भूस्खलन का कहर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारी बारिश के चलते मंडी तहसील के लोरन ब्लॉक के पीर पंजाल पहाड़ियों में स्थित दोमेल ढोक क्षेत्र में हुए भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को जम्मू में बारिश से जुड़ी नई घटनाओं में एक महिला और उसके दो बच्चों समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जिससे पिछले दो दिनों में मरने वालों की संख्या 23 हो गई है।
विज्ञापन


यह खबर भी पढ़ें: आंखों के सामने उजड़ गया आशियाना: गाड़ी बचाने निकले लतीफ, लौटे तो मलबे में दफन मिले परिवार के आठ सदस्य

दुर्गम इलाका होने से देर से मिली हादसे की जानकारी
सोमवार को लगातार बारिश के बीच दोमेल ढोक इलाके में अचानक भूस्खलन हुआ, जिसमें कई लोग मलबे की चपेट में आ गए। यह क्षेत्र बेहद दूरदराज और दुर्गम होने के कारण घटना की जानकारी प्रशासन तक देर शाम पहुंची।

प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही मंडी प्रशासन और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। राहत और बचाव कार्यों के लिए प्रशासन एवं पुलिस दल को घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया है।

बारिश और आपदा से पुंछ में बढ़ी मुश्किलें
लगातार बारिश के कारण पुंछ जिले के कई इलाकों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

पुंछ के लोरन के ऊपरी इलाकों में भूस्खलन से एक मिट्टी का घर ढह गया। इसमें एक महिला और उसके दो बच्चों सहित सात लोग जिंदा दफन हो गए। मृतकों की पहचान जाहिदा बेगम (38), उनके बेटे मनन रफीक (6), बेटी अलीसा (4), देवर तनवीर अहमद भट्ट (27), ननद शमीम अख्तर (33), शबनम बानो (31) और भतीजे मोहम्मद इरफान (17) के रूप में हुई है। ये सभी अरिगाम गांव, मंडी तहसील के निवासी थे। 

डोडा जिले में जम्मू-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे पर एक यात्री बस पर चट्टान गिरने से दो लोगों, कुलवंत सिंह और मनीष कुमार की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई, जिसमें छह लोग घायल भी हुए। जिले के काष्टिगढ़ क्षेत्र में शिव देवी नामक महिला की घर के पास पत्थर लगने से मौत हो गई। राजौरी शहर के सलानी क्षेत्र में विकास अहमद का शव नदी से निकाला गया, जो अचानक आई बाढ़ में बह गए थे।

पिछले दो दिनों की भारी बारिश से सार्वजनिक और निजी बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। पुंछ में 10 लोगों की मौत हुई और छह लापता हैं, जबकि राजौरी में दो लोगों की जान गई और एक जल शक्ति कर्मचारी लापता है। बचाव और राहत कार्य लगातार हो रही भारी बारिश से बाधित हुए हैं। बचाव दल में पुलिस, सेना, एसडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा कर्मी और स्थानीय स्वयंसेवक शामिल हैं।
विज्ञापन

सीएम ने किया मुआवजे का एलान
जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 20 जुलाई को मृतकों के परिजनों के लिए छह लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस राहत पैकेज में राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष से चार लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये शामिल हैं। 

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक जम्मू और कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान लगाया है। अब्दुल्ला ने 19 जुलाई को सभी जिला प्रशासनों को 24 जुलाई तक हर छह घंटे में स्थिति रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें